रायवाला में मकर संक्रांति पर खिचड़ी वितरण का आयोजन, सनातन एकता का दिया संदेश

खबर शेयर करें -

रायवाला: हिन्दू सुरक्षा सेवा संघ मंडल रायवाला, जिला ऋषिकेश की ओर से मकर संक्रांति के पावन अवसर पर खिचड़ी वितरण (भंडारे) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संघ के मंडल अध्यक्ष प्रवीन सनातनी के नेतृत्व में किया गया। एकादशी तिथि होने के कारण मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में यह सेवा कार्यक्रम आज आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर संघ पदाधिकारियों ने बताया कि हिन्दू सुरक्षा सेवा संघ द्वारा समय-समय पर सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार एवं सामाजिक सेवा के उद्देश्य से भंडारे एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में धर्म, संस्कृति और आपसी एकता का संदेश दिया गया।

प्रवीण सनातनी ने अपने संबोधन में कहा कि रायवाला क्षेत्र में बाबा नीम करोली मंदिर एवं बसंती माता मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर लोगों को सनातन धर्म के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को सायं 5:00 बजे हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाता है, ताकि नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक परंपराओं से जोड़ा जा सके।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सनातन समाज को एकजुट रहने की अत्यंत आवश्यकता है। विश्व के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रही घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में ऐसी स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए सभी हिंदुओं को संगठित होकर रहना होगा। “जब तक हम एकजुट रहेंगे, तब तक सुरक्षित रहेंगे,” उन्होंने कहा। कार्यक्रम के अंत में प्रवीन सनातनी ने सभी हिंदू संगठनों एवं समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे सनातन धर्म के संरक्षण और प्रचार में सहयोग करें। उन्होंने संदेश दिया कि यदि कहीं भी धर्म के साथ अन्याय होता है तो हिंदू संगठन सदैव साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने संपर्क और सहयोग के लिए संगठन के द्वार खुले रहने की बात कही।

कार्यक्रम के समापन पर सभी हिंदू सनातनी अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने “जय श्री राम” के जयघोष लगाए। पूरे आयोजन का वातावरण धार्मिक श्रद्धा, सेवा भावना और सनातन एकता के संदेश से ओत-प्रोत रहा।

Ad