मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में मेयर शम्भू पासवान ने उठाए ऋषिकेश से जुड़े अहम मुद्दे

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : ऋषिकेश नगर निगम के महापौर शम्भू पासवान ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित जनपद स्तरीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में प्रतिभाग कर ऋषिकेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया। यह बैठक दिनांक 8 जनवरी 2026 को आयोजित की गई, जिसमें कैबिनेट मंत्री एवं देहरादून जनपद के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान महापौर शम्भू पासवान ने नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत वन भूमि प्रकरण से प्रभावित 12 वार्डों की गंभीर स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इन वार्डों में लंबे समय से निवासरत नागरिकों को वन भूमि विवाद के कारण अनेक प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मेयर ने इन वार्डों के नागरिकों के हितों की रक्षा किए जाने तथा स्थायी समाधान निकाले जाने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

इसके साथ ही महापौर ने चंद्रभागा नदी के दोनों किनारों पर पक्के तटबंधों के निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बरसात के मौसम में चंद्रभागा नदी के उफान से आसपास के क्षेत्रों में जलभराव और कटाव की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे जन-धन की हानि की आशंका बनी रहती है। पक्के तटबंधों के निर्माण से न केवल बाढ़ और कटाव की समस्या से निजात मिलेगी, बल्कि शहर के सौंदर्यीकरण और सुरक्षित विकास को भी बल मिलेगा।

महापौर शम्भू पासवान ने चंद्रेश्वर महादेव मंदिर और त्रिवेणी घाट को जोड़ने के लिए एक नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव भी बैठक में रखा। उन्होंने कहा कि यह पुल धार्मिक, पर्यटन और स्थानीय आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुल के निर्माण से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, साथ ही क्षेत्र के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए महापौर शम्भू पासवान ने बताया,“दिनांक 08/01/2026 को माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में तथा कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी मंत्री माननीय सुबोध उनियाल की उपस्थिति में देहरादून जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मैंने नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत वन भूमि प्रकरण से प्रभावित 12 वार्डों के बचाव, चंद्रभागा नदी के दोनों ओर पक्के तटबंधों के निर्माण तथा चंद्रेश्वर मंदिर और त्रिवेणी घाट को जोड़ने वाले पुल के निर्माण को लेकर माननीय मुख्यमंत्री से विस्तृत वार्ता की और इन विषयों पर आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र भी प्रेषित किया है।

महापौर ने आशा व्यक्त की कि मुख्यमंत्री द्वारा इन जनहित से जुड़े विषयों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे ऋषिकेश के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को राहत प्राप्त होगी।

Ad