ऋषिकेश को ‘स्वच्छ और सुंदर’ बनाने के लिए महापौर शम्भू पासवान की जनता से अपील

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश के माननीय महापौर शम्भू पासवान ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से नगरवासियों से सक्रिय सहयोग की अपील की है। यह संदेश नगर निगम की कूड़ा संग्रहण वाहनों के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाया गया।

महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि ऋषिकेश केवल एक शहर नहीं, बल्कि योग और आध्यात्म की वैश्विक राजधानी है। इसकी स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना नगर निगम के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे गीले और सूखे कूड़े का पृथक्करण कर नीले और हरे डस्टबिन का सही उपयोग करें तथा कूड़ा केवल नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण गाड़ियों को ही दें।

उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के पूर्ण बहिष्कार पर जोर देते हुए कहा कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए पॉलिथीन का प्रयोग पूरी तरह बंद किया जाए और खरीदारी के लिए कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग किया जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, गलियों और गंगा घाटों पर गंदगी न फैलाने की भी अपील की।

महापौर ने कहा,“ऋषिकेश हम सबका घर है। जिस प्रकार हम अपने घर को साफ रखते हैं, उसी प्रकार हमें अपने शहर को भी स्वच्छ रखना होगा। नगर निगम प्रशासन दिन-रात जनता की सेवा में लगा है, लेकिन नागरिकों के सक्रिय सहयोग के बिना ‘स्वच्छ ऋषिकेश-स्वस्थ ऋषिकेश’ का सपना पूरा नहीं हो सकता।”

इस अवसर पर नगर निगम के नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सफाई निरीक्षक अभिषेक मल्होत्रा, रोहित राम, अमरजीत धीमान, अमन पांडे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Ad