भट्टोंवाला गोलीकांड आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस चौकी में सौंपा ज्ञापन
ऋषिकेश : भट्टोंवाला क्षेत्र में हाल ही में हुए गोलीकांड के विरोध में स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने श्यामपुर पुलिस चौकी पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला और ग्राम प्रधान संगीता राणा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
जयेंद्र रमोला ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को लेकर कई बार पुलिस प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि गोलीकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्रवासियों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
ज्ञापन में भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति बनाने की भी मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर क्षेत्र में असंतोष और बढ़ सकता है।
इस दौरान पूर्व प्रधान सतीश रावत, जिला पंचायत प्रतिनिधि लालमणि रतूड़ी, हिमांशु पंवार, पंचायत सदस्य शीशपाल रावत, आजाद राणा, शंभू सिंह रावत, आचार्य कृष्णानंद भट्ट, बलवीर सिंह, सुनील खंडूरी, बिशन सिंह, रूकम सिंह, राजा, अंकित, रवीन्द्र रमोला सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
