विश्व पर्यावरण दिवस पर गंगा तट पर हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
ऋषिकेश : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नमामि नर्मदा संघ द्वारा राम तपोस्थली ब्रह्मपुरी आश्रम, ऋषिकेश में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूजनीय गुरुदेव जगद्गुरु देवानंदाचार्य आचार्य दयाराम दास महाराज तथा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित हरीश उनियाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सीताराम परिवार की प्रदेश अध्यक्ष सुशीला सेमवाल के नेतृत्व में नमामि नर्मदा संघ के कार्यकर्ताओं ने मां गंगा के तट पर रुद्राक्ष, आम, आंवला, अपराजिता और पीपल सहित विभिन्न पौधों का रोपण किया। इस दौरान रामघाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई भी की गई तथा मां गंगा का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा जल, जंगल और जीवन की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
इस अवसर पर नमामि नर्मदा संघ, अखिल भारतीय सीताराम परिवार के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में साधु-संत एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
