खबर शेयर करें -

देहरादून : उत्तराखंड सरकार में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद मंत्री सुबोध उनियाल ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में उन्होंने देहरादून स्थित दून अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान मंत्री उनियाल ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, उपचार व्यवस्था और अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मंत्री ने अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी को बेहतर समन्वय, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को सुलभ, सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों।

मंत्री ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण और समीक्षा की जाएगी। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर और भरोसेमंद चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

Ad