उत्तराखंड की मिट्टी से नायक से जननायक कैलेंडर लॉन्च
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में पंचांग टेबल कैलेंडर “उत्तराखंड की मिट्टी से-नायक से जननायक पुष्कर सिंह धामी” का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पंचांग कैलेंडर केवल तिथियों और दिनों की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देखने को मिलती है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि इस पंचांग कैलेंडर में तिथि, वार, पक्ष, मास, पर्व एवं विशेष दिवसों के साथ-साथ पारंपरिक त्योहारों और व्रतों की विस्तृत जानकारी को भी समाहित किया गया है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराते हैं।उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के बीच इस प्रकार के कैलेंडर समाज में सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बन सकते हैं। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए संबंधित टीम को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि यह कैलेंडर आमजन के बीच लोकप्रिय होगा।
कैलेंडर में मुख्यमंत्री द्वारा जनहित में लिए गए दूरदर्शी निर्णयों, राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी नीतियों को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है, जिससे लोगों को सरकार के कार्यों की जानकारी सहज रूप से प्राप्त हो सके। विमोचन कार्यक्रम के दौरान मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, दीप कोश्यारी, किशोर भट्ट सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
