गैरसैंण सत्र से लौटे विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का ऋषिकेश में स्वागत
ऋषिकेश : स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के गैरसैंण विधानसभा सत्र से वापस ऋषिकेश पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश जुगलान के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में समिति के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने विधानसभा सत्र में बापूग्राम वन भूमि प्रकरण को प्रमुखता से उठाने के लिए विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का धन्यवाद किया। समिति के सदस्यों ने कहा कि इस महत्वपूर्ण विषय को सदन में उठाने से क्षेत्र की जनता की आवाज सरकार तक पहुंची है।
विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने इस मौके पर कहा कि विधानसभा सत्र के समापन के बाद ऋषिकेश पहुंचने पर बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश जुगलान के नेतृत्व में समिति के सदस्यों द्वारा किया गया आत्मीय स्वागत उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि समिति के साथियों ने विधानसभा सत्र के दौरान बापूग्राम वन भूमि प्रकरण को सदन में उठाने तथा इस विषय से मुख्यमंत्री को अवगत कराने के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए सदन में प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया है, जिसका सभी ने स्वागत किया है।विधायक अग्रवाल ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ विधानसभा में उठाना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी वे ऋषिकेश क्षेत्र की जनता के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
इस दौरान समिति के कई पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को लेकर विधायक से सकारात्मक पहल जारी रखने की अपेक्षा भी व्यक्त किया।
