ऋषिकेश यातायात संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: यातायात एवं पर्यटन विकास सहकारी संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं संचालक मंडल के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह संघ मुख्यालय में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर सहायक निबंधक नरेंद्र पाल चौहान ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

समारोह में संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुधीर राय रावत, उपाध्यक्ष दाताराम रतूड़ी सहित संचालक मंडल के अन्य सदस्यों ने अपने पद की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान संघ के सचिव विकास थपलियाल ने सहायक निबंधक नरेंद्र पाल चौहान का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। वहीं महिला संचालकों को बुके भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सभी संचालकों को अंगवस्त्र प्रदान किए गए।

अपने संबोधन में सचिव विकास थपलियाल ने पूर्व संचालक मंडल द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पुराने बोर्ड ने संघ के विकास और वाहन स्वामियों के हितों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने आशा जताई कि नया नेतृत्व भी इसी भावना के साथ संघ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

कार्यक्रम में संघ के कर्मचारी, पूर्व कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में वाहन स्वामी मौजूद रहे। सभी ने नवनिर्वाचित संचालक मंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। निवर्तमान अध्यक्ष मनोज ध्यानी और पूर्व अध्यक्ष भोला दत्त जोशी ने भी सुधीर राय रावत को अध्यक्ष चुने जाने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

शपथ ग्रहण करने वाले संचालकों में मदन कोठारी, नरेश नौटियाल, मीना चौहान, मंजू सकलानी, पूजा ओला, रीना नौटियाल, मनोज आर्या, सुरेंद्र भंडारी, कमल नयन जोशी, प्रेम दत्त सेमवाल और वीरेंद्र राणा शामिल रहे।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुधीर राय रावत ने अपने संबोधन में कहा कि वाहन स्वामियों ने जिन अपेक्षाओं और विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य वाहन स्वामियों और कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना तथा सहकारिता के सिद्धांतों को मजबूत करना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी सदस्यों को साथ लेकर संघ के समग्र विकास के लिए कार्य किया जाएगा।

समारोह के दौरान अध्यक्ष सुधीर राय रावत ने भी सहायक निबंधक नरेंद्र पाल चौहान को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्यारेलाल जुगलान ने किया।

इस अवसर पर टीजीएमओसी के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी, रूपपूर्ण पर्यटन विकास सहकारी संघ के अध्यक्ष भोपाल सिंह नेगी, यातायात संघ के पूर्व सचिव रघुवीर सिंह रावत, जसपाल राणा भंडारी, रामस्वामी, मनीराम जुयाल, पार्षद विनोद नाथ, पार्षद बृजपाल सिंह राणा, बृजभानु प्रकाश, ऋषि राम जोशी, प्यार सिंह पवार, विकास सेमवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

शपथ ग्रहण समारोह में उत्साह और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। नवनिर्वाचित टीम ने संघ के विकास, पारदर्शिता और वाहन स्वामियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

Ad