यात्रा प्रबंधन होगा और अधिक सुगम
उत्तराखंड : उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार हेली सेवा की टिकटिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। राज्य सरकार की एजेंसी यूकाडा (UCADA) और भारतीय रेलवे की सहायक इकाई आइआरसीटीसी (IRCTC) ने मिलकर पूरी टिकटिंग प्रक्रिया को 100 प्रतिशत ऑनलाइन करने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं।
नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु अब हेली सेवा के टिकट केवल अधिकृत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही बुक कर सकेंगे। इससे दलालों और फर्जी बुकिंग पर रोक लगेगी और यात्रियों को पारदर्शी एवं सुरक्षित टिकटिंग सुविधा मिल सकेगी। अधिकारियों के अनुसार, पहले हेली टिकटों की कालाबाजारी और ओवरचार्जिंग की शिकायतें सामने आती थीं, जिन्हें खत्म करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
यूकाडा के अधिकारियों ने बताया कि आईआरसीटीसी के तकनीकी सहयोग से एक मजबूत डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है, जिसमें रियल-टाइम सीट उपलब्धता, ऑनलाइन भुगतान और टिकट सत्यापन जैसी सुविधाएं होंगी। इससे यात्रियों को घर बैठे ही आसानी से टिकट मिल सकेगा और यात्रा की योजना बनाना भी सरल होगा। इसके साथ ही, हेलीकॉप्टर सेवाओं के संचालन में भी बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि मौसम और अन्य परिस्थितियों के अनुसार यात्रियों को समय पर जानकारी मिलती रहे। सरकार का उद्देश्य है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके।
चारधाम यात्रा हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है, ऐसे में हेली सेवा की ऑनलाइन और पारदर्शी व्यवस्था से यात्रा प्रबंधन में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।
