प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों को तनावमुक्त होकर परीक्षा को अवसर मानने की दी प्रेरणा

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी कार्यक्रम “परीक्षा पे चर्चा” का इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से सजीव प्रसारण बड़े उत्साह और अनुशासित वातावरण में दिखाया गया। कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और प्रधानमंत्री के विचारों को गंभीरता, एकाग्रता एवं उत्साह के साथ सुना।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा जीवन का बोझ नहीं, बल्कि स्वयं को परखने और आगे बढ़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने छात्रों को तनाव से दूर रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा समय प्रबंधन के साथ पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि सफलता और असफलता दोनों ही जीवन का हिस्सा हैं।

प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। छात्रों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि “परीक्षा पे चर्चा” से उन्हें न केवल परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए प्रेरणा मिली, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने और स्वयं पर विश्वास बनाए रखने की भी नई दिशा प्राप्त हुई है। विद्यार्थियों ने माना कि इस संवाद ने परीक्षा को लेकर उनके दृष्टिकोण को सकारात्मक बनाया है।

इस अवसर पर विद्यालय में वीरेन्द्र कंसवाल, नरेन्द्र खुराना, रविन्द्र परमार, मनोज पंत, पंकज मिश्रा, योगेश देवली, रजनी गर्ग, मीनाक्षी उनियाल सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। शिक्षकों ने प्रधानमंत्री के संदेश को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक होते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में अनुशासित, सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। विद्यालय प्रशासन ने भी ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और शैक्षिक उन्नति के लिए लाभकारी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की बात कही।

Ad