हल्द्वानी में सरकार के 4 साल पूरे होने पर कार्यक्रम
हल्द्वानी /नैनीताल : उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद नैनीताल के हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज मैदान में शनिवार, 21 मार्च को एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर होने वाली जनसभा में भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। रक्षा मंत्री के प्रस्तावित दौरे और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए अब तक की तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसभा में आने वाले लोगों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल, साफ-सफाई और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आगंतुक को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए और कहा कि शहरवासियों तथा बाहरी आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूर्व में ही रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी बैठक और निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।
