स्वच्छ सर्वेक्षण 2025: मुनि की रेती में चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता

खबर शेयर करें -

मुनि की रेती/ढालवाला : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के तहत नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं को स्वच्छता और सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और स्वच्छता से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।चित्रकला प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में अंशिका गौड़ और रूकमणी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंश ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं जूनियर वर्ग में विद्या निकेतन स्कूल की छात्रा अंशिका गौड़ ने प्रथम, स्वामी प्रेमानंद स्कूल की नेहा ने द्वितीय और लाल बहादुर शास्त्री स्कूल की आयशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

निबंध प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मॉडल स्कूल की छात्रा आरूषी कैंतूरा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि निशा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि स्वच्छता को अपनाकर ही एक स्वस्थ, सुंदर और विकसित समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने नगर क्षेत्र के सभी विद्यालयों और छात्र-छात्राओं से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी ने भी छात्र-छात्राओं को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कूड़े का सही तरीके से पृथक्करण (सेग्रीगेशन) करने और निर्धारित कूड़ा वाहनों में ही कूड़ा डालने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में कर अधीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, लिपिक विकास सेमवाल, पिंकी तड़ियाल, शिक्षक विनोद बिजल्वाण, अध्यापिका अनुपमा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटी हुई है और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास कर रही है।

Ad