रिंकू सिंह के पिता आईसीयू में भर्ती
ग्रेटर नोएडा : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ रिंकू सिंह के परिवार से जुड़ी चिंताजनक खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें ग्रेटर नोएडा के ओमेगा-1 सेक्टर स्थित यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि 21 फरवरी को उनकी तबीयत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने के चलते उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। इस बीच खबर है कि रिंकू सिंह, जो इस समय वर्ल्ड कप में व्यस्त हैं, अपने पिता की तबीयत को देखते हुए टूर्नामेंट बीच में छोड़कर भारत लौट सकते हैं। हालांकि इस संबंध में अभी तक रिंकू सिंह या बीसीसीआई की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
दोपहर के समय रिंकू सिंह की मंगेतर और सांसद प्रिया सरोज भी यथार्थ अस्पताल पहुंचीं और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। परिवार के करीबी लोग भी अस्पताल में मौजूद हैं।रिंकू सिंह का अपने परिवार से गहरा जुड़ाव रहा है और वे कई मौकों पर अपने पिता के संघर्षों का जिक्र कर चुके हैं। ऐसे में उनके पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर से उनके प्रशंसकों में भी चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर फैंस उनके पिता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
फिलहाल सभी की नजरें अस्पताल से आने वाले स्वास्थ्य अपडेट और रिंकू सिंह के आधिकारिक बयान पर टिकी हैं।
