ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने नवनियुक्त भाजपा पदाधिकारियों को किया सम्मानित
ऋषिकेश : ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश स्थित अपने कैंप कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी में विभिन्न मोर्चों पर दायित्व प्राप्त करने वाले पदाधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को गुलदस्ता भेंट कर एवं पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
सम्मानित किए गए पदाधिकारियों में महिला मोर्चा से ममता रतूड़ी, कविता शाह एवं अंजलि नैथानी, ओबीसी मोर्चा से सतपाल सैनी, अल्पसंख्यक मोर्चा से बलविंदर सिंह तथा युवा मोर्चा से अक्षय खैरवाल एवं अमन कुकरेती शामिल रहे। डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और अनुशासन के बल पर लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता से निरंतर संवाद में निहित है। सभी मोर्चों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकार की नीतियों और योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना चाहिए।
इस दौरान डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित जी राम जी योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना ग्रामीण एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। योजना के अंतर्गत 100 दिन की मजदूरी को बढ़ाकर 125 दिन किया गया है, वहीं यदि किसी कारणवश मजदूरी उपलब्ध नहीं हो पाती है तो संबंधित लाभार्थियों को भत्ता दिए जाने का भी प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाएं आमजन के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

डॉ. अग्रवाल ने सभी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे इन जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा जब उनका लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं को सफल बनाने के लिए सभी मोर्चों को संगठित प्रयास करने होंगे। संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ जनसंपर्क को और अधिक व्यापक बनाने पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन, सेवा और समर्पण के भाव से कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर गणेश रावत, सुमित पंवार, चमन पोखरियाल सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
