कांग्रेस रैली को लेकर शहर में रूट डायवर्जन लागू
देहरादून : कांग्रेस की प्रस्तावित रैली को लेकर राजधानी में व्यापक यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है। रैली के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि रैली जिस-जिस मार्ग से होकर गुजरेगी, वहां अस्थायी रूप से यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
एसएसपी ने जानकारी दी कि जैसे ही रैली परेड ग्राउंड से निकलेगी, ओरियंट चौक से कनक चौक जाने वाले यातायात को ग्लोब चौक होते हुए भेजा जाएगा। इसके अलावा लैंसडाउन चौक और बुद्धा चौक से आने-जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।रैली के कनक चौक पहुंचने पर पेसिफिक तिराहा से कनक चौक की ओर जाने वाले यातायात को तनेजा ऑप्टिकल कट से रोजगार तिराहा की ओर मोड़ दिया जाएगा। वहीं, जब रैली ओरियंट चौक पहुंचेगी, तब कनक चौक से ओरियंट चौक की दिशा में जाने वाले वाहनों को पेसिफिक तिराहा के रास्ते भेजा जाएगा। इसी प्रकार ग्लोब चौक से ओरियंट चौक जाने वाले यातायात को भी पेसिफिक तिराहा होते हुए डायवर्ट किया जाएगा।
घंटाघर से ओरियंट चौक की ओर जाने वाले यातायात को दर्शनलाल चौक की ओर मोड़ा जाएगा। रैली के ओरियंट चौक से आगे बढ़ने पर ग्लोब चौक से आने-जाने वाले वाहनों को पेसिफिक तिराहा के रास्ते संचालित किया जाएगा।जब रैली ग्लोब चौक पहुंचेगी, तब ग्लोब चौक से बहल चौक की ओर जाने वाले यातायात को पेसिफिक तिराहा से बैनीबाजार की ओर भेजा जाएगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रैली के पीछे किसी भी प्रकार का यातायात नहीं भेजा जाएगा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई बाधा न आए।
रैली के बहल चौक पार करने के दौरान राजपुर रोड और बैनीबाजार चौक से आने वाले वाहनों को रोक-रोक कर निकाला जाएगा। इसके अतिरिक्त एनेक्सी तिराहा से हाथीबड़कला की ओर किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। इस मार्ग के यातायात को सीएसडी तिराहा और वाटिका तिराहा होते हुए बिंदाल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
रैली के दिलाराम चौक पहुंचने पर कालीदास तिराहा से दिलाराम चौक की ओर जाने वाले यातायात को पथरियापीर और नेशविला रोड की ओर मोड़ दिया जाएगा।एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने आम जनता से अपील की है कि रैली के दौरान जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें और अनावश्यक रूप से रैली मार्ग की ओर न जाएं। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी और आवश्यकतानुसार स्थिति के अनुसार मार्गों में बदलाव भी किया जा सकता है। नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है, ताकि रैली शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो ।
