खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : सेवा सिक्योरिटी सर्विस के माध्यम से राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) द्वारा ऋषिकेश के मुनि की रेती स्थित लेमन ट्री होटल में होटल कर्मचारियों के लिए आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य होटल स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने के लिए प्रशिक्षित करना था, ताकि किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान एसडीआरएफ की टीम ने कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की बारीकियों से अवगत कराया। सीपीआर (CPR) देने की विधि, गला चोकिंग की स्थिति में बचाव के तरीके, अत्यधिक रक्तस्राव को नियंत्रित करने की तकनीक, घायलों को सुरक्षित रूप से उठाने और स्थानांतरित करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसके अतिरिक्त भूकंप के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों तथा होटल परिसर में आग लगने की स्थिति में मेहमानों और स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। एसडीआरएफ टीम ने होटल परिसर में संभावित आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए इवैक्यूएशन प्लान, मूविंग एवं लिफ्टिंग तकनीक और रेस्क्यू प्रक्रिया का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया। कर्मचारियों को बताया गया कि संकट की घड़ी में घबराने के बजाय संयम और सतर्कता के साथ निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान होटल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और विभिन्न परिस्थितियों से जुड़े सवाल पूछकर प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाया। होटल प्रबंधन ने एसडीआरएफ टीम के अनुभव, पेशेवर दक्षता और सरल प्रशिक्षण शैली की सराहना की। प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई, ताकि होटल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।

एसडीआरएफ अधिकारियों ने कहा कि आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता ही किसी भी आपात स्थिति में सबसे बड़ी ताकत होती है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन और संस्थानों को आत्मनिर्भर एवं सजग बनाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

Ad