50वें वर्ष में ऐतिहासिक स्वरूप लेगा श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला, 11 समितियां गठित
नरेंद्रनगर। श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के 50वें आयोजन को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 11 से 19 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले नौ दिवसीय मेले के सफल आयोजन के लिए 11 समितियों का गठन कर विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
नरेंद्रनगर तहसील सभागार में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की उपस्थिति में आयोजित बैठक में मेले की तैयारियों की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य शिविर, खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार, बैनर, एलईडी व्यवस्था समेत विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए विभागवार दायित्व निर्धारित किए गए।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इस वर्ष मेले का 50वां आयोजन होने जा रहा है, जो अपने आप में महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने मेले के प्रारंभिक स्वरूप और इसके आयोजन में तत्कालीन जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह पांगती के योगदान को याद करते हुए कहा कि 50वें वर्ष के आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए सभी को टीम भावना के साथ काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि श्री कुंजापुरी मेला एक महत्वपूर्ण एकीकरण कार्यक्रम है और इसे सफल एवं आकर्षक बनाने की जिम्मेदारी सभी संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों की है।जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने समितियों एवं विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता सामने आने पर तत्काल जानकारी दी जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके।
नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह पंवार ने बताया कि मेले ने वर्षों के दौरान काफी विस्तार किया है। प्रारंभिक दौर में लगभग चार हजार रुपये की व्यवस्था से शुरू हुआ यह आयोजन अब एक करोड़ रुपये से अधिक के स्तर तक पहुंच चुका है।
11 से 19 अक्टूबर तक चलेगा मेलाश्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का आयोजन 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक नौ दिनों के लिए किया जाएगा। बैठक में मेले को व्यवस्थित, आकर्षक और भव्य बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ऋषिकेश नगर निगम मेयर शम्भू पासवान, नगर पंचायत तपोवन अध्यक्ष विनीता बिष्ट, नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, नगर पालिका नरेंद्रनगर के अधिशासी अधिकारी एलम सिंह रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न समितियों के सदस्य और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
