ऋषिकेश नगर निगम में समाज कल्याण शिविर आयोजित
ऋषिकेश : नगर निगम ऋषिकेश के आई.एस.बी.टी. परिसर में आज समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में एक विशाल सहायक उपकरण वितरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ माननीय महापौर शंभू पासवान द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के दिव्यांगों और बुजुर्गों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना था, ताकि वे अपने दैनिक जीवन को सुगमता से जी सकें। समाज के जरूरतमंद वर्ग तक आवश्यक संसाधन पहुंचाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।कार्यक्रम के दौरान पूर्व में चयनित 12 दिव्यांगजनों एवं 60 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकतानुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। वितरण सामग्री में बैटरी चालित ट्राई साइकिल, साधारण ट्राई साइकिल, फोल्डिंग व्हीलचेयर, वाकिंग स्टिक, कान की मशीन, चेयर विद कमोड, सिलिकोन कुशन तथा कमर बेल्ट जैसे उपयोगी उपकरण शामिल रहे। उपकरण प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी।
अपने संबोधन में महापौर श्री शंभू पासवान ने कहा कि नगर निगम और सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा, “दिव्यांगों और बुजुर्गों को सशक्त बनाना हमारा नैतिक कर्तव्य है। ऐसे शिविरों के माध्यम से हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और वे सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।” उन्होंने समाज कल्याण विभाग की टीम की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। सम्मानित पार्षद श्री रामकुमार सांगर, श्री दीपक बिष्ट, श्रीमती सरोजनी थपलियाल, श्री मनीष जाटव सहित समाज कल्याण विभाग से श्री शोभित दास, श्री आकाश एवं श्री विनोद तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया, जहां पंजीकरण, सत्यापन और वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। अंत में लाभार्थियों ने नगर निगम और समाज कल्याण विभाग का आभार व्यक्त किया।यह शिविर न केवल जरूरतमंदों के लिए राहत लेकर आया, बल्कि समाज में सेवा और संवेदनशीलता का संदेश भी दे गया।
