तेजस एक्सप्रेस रद्द, वंदे भारत और हमसफर 20 घंटे से अधिक लेट

खबर शेयर करें -

नई दिल्ली: उत्तर भारत में लगातार पड़ रहे घने कोहरे का असर रेल यातायात पर गहराता जा रहा है। दिल्ली आने-जाने वाली ट्रेनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित रही, जिससे हजारों यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो जाने से जहां एक ओर ट्रेनों की रफ्तार सीमित करनी पड़ी, वहीं दूसरी ओर कई ट्रेनों के संचालन में बड़े बदलाव किए गए।

कोहरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए नई दिल्ली–तेजस एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया। इसके अलावा प्रीमियम ट्रेनों में शामिल वाराणसी, नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस और कटिहर नई दिल्ली चंपारण हमसफर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 20 घंटे से अधिक की देरी से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचीं। लंबी दूरी की इन ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों को स्टेशन और ट्रेन के भीतर घंटों इंतजार करना पड़ा।

रेलवे सूत्रों के अनुसार शनिवार को दिल्ली क्षेत्र में 80 से अधिक ट्रेनें 2 घंटे से लेकर 21 घंटे तक की देरी से चलीं। कई ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में बदलाव करना पड़ा, जबकि कुछ ट्रेनों को रास्ते में ही नियंत्रित गति से चलाया गया। इसका सीधा असर उन यात्रियों पर पड़ा, जिन्हें आगे की कनेक्टिंग ट्रेनें पकड़नी थीं या किसी जरूरी काम से समय पर पहुंचना था।

स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ती दिखी। ठंड और कोहरे के बीच प्लेटफॉर्म पर घंटों इंतजार कर रहे यात्रियों ने रेलवे प्रशासन की व्यवस्थाओं पर नाराजगी भी जताई। कई यात्रियों का कहना था कि ट्रेन लेट होने की सूचना समय पर नहीं मिल पाई, जिससे उन्हें असमंजस की स्थिति में रहना पड़ा।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की गति कम रखी जा रही है। कोहरे के दौरान लोको पायलटों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं और फॉग सेफ्टी डिवाइस का उपयोग किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में घना कोहरा बने रहने की संभावना है। ऐसे में रेल यात्रियों की मुश्किलें फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रहीं। रेलवे ने संकेत दिए हैं कि कोहरे की स्थिति सामान्य होने तक ट्रेनों के संचालन में देरी जारी रह सकती है।

Ad