टिहरी झील महोत्सव में रिवर राफ्टिंग का रोमांच
टिहरी गढ़वाल: जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल के विशेष प्रयासों से संचालित टिहरी झील महोत्सव 2026 हिमालय O2 के तीसरे दिन गंगा की लहरों के बीच साहस, रोमांच और प्रकृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक आयोजित रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता में युवाओं ने जोश और जज्बे के साथ भाग लेते हुए जल साहसिक खेलों का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और नगर पंचायत तपोवन अध्यक्ष विनीता बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया। गंगा की कलकल करती लहरों के बीच राफ्टिंग कर रहे युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। एक ओर प्रतिभागी एक-दूसरे का मनोबल बढ़ाते हुए रोमांच का अनुभव कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर नदी के किनारे प्रकृति का मनमोहक दृश्य प्रतियोगिता को और भी आकर्षक बना रहा था।
इस प्रतियोगिता में लगभग 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। ब्रह्मपुरी से खारास्रोत के बीच गंगा नदी में आयोजित इस राफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रोफेशनल और पर्यटक श्रेणी के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और साहस का परिचय दिया।गौरतलब है कि ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक लगभग 9 किलोमीटर लंबा राफ्टिंग रूट शुरुआती और सामान्य रोमांच चाहने वाले पर्यटकों के लिए उपयुक्त माना जाता है। इस मार्ग पर राफ्टिंग के दौरान पर्यटकों को गंगा के हल्के-फुल्के रैपिड्स के साथ हिमालयी प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत अनुभव मिलता है। यही कारण है कि इन दिनों यह रूट देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
राफ्टिंग गतिविधियों का संचालन पर्यटन विभाग और गंगा राफ्टिंग प्रबंधन समिति की देखरेख में किया जाता है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशिक्षित गाइड, लाइफ जैकेट और कयाकर्स भी तैनात रहते हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को जल साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि रिवर राफ्टिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से पर्यटन स्थलों को नए डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। साथ ही भविष्य में इन स्थलों पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की भी संभावनाएं बढ़ेंगी।
वहीं गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से जल साहसिक खेलों को बढ़ावा मिलता है और ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक का रूट रिवर राफ्टिंग के लिए सबसे सुरक्षित और लोकप्रिय मार्गों में से एक है।प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सहदेव राणा ने कहा कि यहां रिवर राफ्टिंग का अनुभव बेहद रोमांचक और साहसिक रहा। यदि भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहे तो युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा। वहीं प्रतिभागी रविंद्र रावत ने बताया कि शुरुआती प्रशिक्षण के दौरान इस तरह की प्रतियोगिताएं बहुत महत्वपूर्ण होती हैं, जिनसे साहस और ताकत का परिचय देने का अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता के परिणामों में प्रोफेशनल कैटेगरी में सहदेव राणा ने प्रथम स्थान, पंकज राणा ने द्वितीय और प्रीतम सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं टूरिस्ट कैटेगरी में जीएमवीएन प्रथम, संगम एडवेंचर द्वितीय और रिवर एक्सप्लोरर तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को क्रमशः प्रथम स्थान के लिए एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान के लिए पचास हजार रुपये और तृतीय स्थान के लिए पच्चीस हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर SDM नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंथ नायक, तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, पटवारी तपोवन निधि थपलियाल, बीडीओ श्रुति वत्स, गंगा राफ्टिंग एसोसिएशन और गाइड एसोसिएशन के सदस्य, पुलिस विभाग से सचिन पुंडीर, राजस्व विभाग, वन विभाग की अंजलि, पंकज भट्ट तथा मीडियाकर्मी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।जल साहसिक खेलों के इस आयोजन ने क्षेत्र में एडवेंचर टूरिज्म की नई संभावनाओं को जन्म देते हुए टिहरी गढ़वाल को पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने का संदेश दिया है।
