टिहरी जनक्रांति के नायक श्रीदेव सुमन को श्रद्धांजलि, बलिदान दिवस पर याद किया गया संघर्ष और त्याग

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश, 25 जुलाई। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, टिहरी जनक्रांति के नायक और संघर्ष व बलिदान की प्रतिमूर्ति अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर शनिवार को ISBT स्थित इंद्रमणि बडोनी कक्ष (राज्य आंदोलनकारी कक्ष) में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।

इस अवसर पर पूर्व मेयर अनिता ममगाईं ने श्रीदेव सुमन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि श्रीदेव सुमन ने टिहरी रियासत के निरंकुश शासन के खिलाफ अपने प्राणों की आहुति देकर लोकतंत्र की नींव मजबूत की। 84 दिन की ऐतिहासिक भूख हड़ताल उनके अदम्य साहस और संघर्ष का प्रतीक है, जो उत्तराखंड के इतिहास में सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि श्रीदेव सुमन का बलिदान अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और उत्तराखंड के स्वाभिमान की रक्षा का संदेश देता है।

राज्य निर्माण सेनानी डी.एस. गुसाईं ने कहा कि आज आवश्यकता है कि सभी लोग श्रीदेव सुमन के सपनों के उत्तराखंड के निर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करें।

कार्यक्रम में गंभीर मेवाड़, बलवीर नेगी सहित बड़ी संख्या में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे। सभी ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Ad