अटाली गंगा के पास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, SDRF ने चलाया सफल रेस्क्यू ऑपरेशन

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: ऋषिकेश क्षेत्र में अटाली गंगा के समीप देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रात्रि को एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना पुलिस चौकी ब्यासी के माध्यम से SDRF को प्राप्त हुई, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ब्यासी से अपर उप निरीक्षक गब्बर सिंह के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक खाई में बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा हुआ था। ट्रक में कुल तीन व्यक्ति सवार थे, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

खड़ी ढलान, अंधेरा और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद SDRF टीम ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को स्ट्रेचर की सहायता से खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया गया। इसके उपरांत घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया। SDRF की त्वरित कार्रवाई और समन्वित प्रयासों से तीनों घायलों की जान बचाई जा सकी। प्रशासन ने SDRF टीम की तत्परता और साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन की सराहना की है।

Ad