चंबा में खाई में गिरा यूटिलिटी वाहन, 9-10 लोग सवार
चंबा : टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। आज दिनांक 23 अप्रैल 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि थाना चंबा क्षेत्रान्तर्गत चंबा-कोटी नैल मार्ग पर एक यूटिलिटी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही थाना चंबा पुलिस, SDRF टीम और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं।
मौके पर पहुंची राहत टीमों ने पाया कि खाई में गिरे इस पिकअप वाहन में लगभग 9 से 10 लोग सवार थे। शुरुआती रेस्क्यू ऑपरेशन में दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिनमें से कुछ को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि बाकी सवारियों को निकालने के लिए बचाव अभियान तेजी से जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल भी मौके पर पहुंच गए हैं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमें कठिन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
बताया जा रहा है कि हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र में संकरी और जोखिमभरी सड़कों के चलते ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है। प्रशासन द्वारा सभी घायलों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने और उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।फिलहाल, घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है।
