वैष्णो देवी दरबार नवरात्रि पर भव्य रूप से सजा
जम्मू : चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व के शुभारंभ के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री माता वैष्णो देवी जी का पवित्र दरबार भव्य और दिव्य रूप में सुसज्जित किया गया है। नवरात्रि की पूर्व संध्या पर ही पूरे भवन परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक रोशनी और विशेष सजावट से सजाया गया, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।नवरात्रों के पहले दिन से ही माता रानी के दर्शनों के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह से हल्की बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। कटरा से लेकर भवन तक जगह-जगह भक्तों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। “जय माता दी” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है और मार्ग में साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सेवाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे।श्रद्धालुओं का कहना है कि इस बार दरबार की सजावट अत्यंत मनमोहक और दिव्य है, जिसे देखकर मन में विशेष शांति और श्रद्धा का भाव उत्पन्न हो रहा है। नवरात्रि के इन नौ दिनों में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के माता रानी के दरबार में पहुंचने की संभावना है।
इसी के साथ पूरे देश में चैत्र नवरात्रि का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। माता रानी के भक्त व्रत, पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन के माध्यम से उनका आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
