प्रदूषण के खिलाफ विश्व यात्रा पर निकलीं नेपाल की यमुना ढकाल, रायवाला में स्वागत

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश/रायवाला : पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विश्व भ्रमण पर निकली नेपाल की पर्यावरण प्रेमी यमुना ढकाल का रायवाला पहुंचने पर स्थानीय लोगों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। लोगों ने फूलमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और उनके अभियान की सराहना की।

नेपाल के झापा जिला स्थित कमल गांव पालिका निवासी 36 वर्षीय यमुना ढकाल बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के दर्शन करने के बाद रायवाला पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने और अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।

यमुना ढकाल ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी बेहद आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत 8 फरवरी 2026 को भारत भ्रमण से की थी। अब तक वह उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड सहित कई राज्यों का भ्रमण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर चुकी हैं।

इस अवसर पर टीका बहादुर थापा, ऋषिराम शर्मा, देव बहादुर क्षेत्री, होमकांत शर्मा, अरविंद क्षेत्री, विष्णु क्षेत्री, राजेश मल्ल, खेम बहादुर क्षेत्री, टेक बहादुर गुरूंग, महेंद्र सिंह कुट्टी, अल्का क्षेत्री, अनुपमा थापा, प्रियंका थापा , अर्चना सहित अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Ad