भीमताल में ‘आपदा जोखिम न्यूनीकरण’ पर कार्यशाला, मदन कौशिक बोले “आधुनिक तकनीक से होगी आपदाओं पर प्रभावी रोकथाम”
राज्यभर में आयोजित हो रही कार्यशालाओं का उद्देश्य विभागीय समन्वय, क्षमता विकास और त्वरित आपदा प्रतिक्रिया को मजबूत करना
भीमताल। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) द्वारा “आपदा जोखिम न्यूनीकरण” विषय पर विकास भवन सभागार, भीमताल में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन प्रणाली को लगातार सशक्त बनाया जा रहा है। आधुनिक तकनीक, प्रभावी समन्वय और त्वरित राहत एवं बचाव व्यवस्था के माध्यम से आपदाओं के प्रभाव को कम करने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सूचना एवं पूर्व चेतावनी तंत्र को और अधिक मजबूत किया जा रहा है, ताकि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव दल कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई कर सकें। उन्होंने सामुदायिक सहभागिता और जन-जागरूकता को आपदा जोखिम न्यूनीकरण का सबसे महत्वपूर्ण आधार बताया।
राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला ने कहा कि कार्यशालाओं का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और अधिकारियों-कर्मचारियों की आपदा प्रबंधन क्षमता का विकास करना है। वहीं, उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी (सेवानिवृत्त) ने खोज एवं बचाव, राहत कार्यों और समन्वित आपदा प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर विस्तार से जानकारी दी।
अपर सचिव आपदा प्रबंधन प्रकाश चन्द्र ने कहा कि इन कार्यशालाओं के माध्यम से अधिकारियों को आपदा जोखिम न्यूनीकरण, प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, समन्वित आपदा प्रतिक्रिया, क्षमता विकास और आधुनिक आपदा प्रबंधन तंत्र के संबंध में प्रशिक्षित किया जा रहा है।
तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने आपदा प्रबंधन के विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिए। डॉ. पी.डी. माथुर ने वैश्विक आपदा जोखिम न्यूनीकरण फ्रेमवर्क, डॉ. वेदिका पंत ने इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (IRS), रोहित कुमार ने जीआईएस एवं सचेत ऐप तथा निखिल पुनिया ने IDRN पोर्टल और मोबाइल ऐप के उपयोग की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंत्री का स्वागत करते हुए जनपद में मानसून के दौरान हुई प्राकृतिक आपदाओं, राहत एवं बचाव कार्यों तथा पुनर्निर्माण की प्रगति की जानकारी दी।
कार्यशाला में राज्यमंत्री रघुबीर भंडारी, विधायक सरिता आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, दर्जा राज्य मंत्री भावना मेहरा, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
