लखनऊ में युवा सहकार सम्मेलन एवं यूपी को ऑपरेटिव एक्सपो 2025 का शुभारंभ
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में आयोजित युवा सहकार सम्मेलन एवं यूपी को-ऑपरेटिव एक्सपो 2025 का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर सहकारिता क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सहकारी संस्थाओं की भूमिका को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधि, अधिकारी, युवा उद्यमी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सहकारिता विभाग की उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म के प्रदर्शन से हुई, जिसमें सहकारी समितियों के सशक्तिकरण, डिजिटलाइजेशन, किसानों और युवाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए किए गए प्रयासों को दर्शाया गया। फिल्म के माध्यम से सहकारिता क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलावों और सरकार की योजनाओं की जमीनी सफलता को प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता उत्तर प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। सरकार का लक्ष्य है कि सहकारी संस्थाओं को पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और आत्मनिर्भर बनाया जाए, ताकि युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलें और किसानों की आय में वृद्धि हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकार से समृद्धि का मंत्र देशभर में तेजी से साकार हो रहा है और उत्तर प्रदेश इसमें अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलाधिकारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी और नवाचार से सहकारिता योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सका है। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण के चेक लाभार्थियों को प्रदान किए गए, जिससे युवाओं, किसानों और स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में एम पैक्स सदस्यता महाभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों और अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पैक्स के सशक्तिकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है और इससे किसानों को सीधे लाभ पहुंच रहा है।
यूपी को-ऑपरेटिव एक्सपो 2025 में सहकारिता से जुड़े स्टॉलों, नवाचारों और उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जहां युवाओं और उद्यमियों को सहकारी मॉडल के जरिए व्यवसाय के नए अवसरों की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक मंच बताया।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सहकारिता क्षेत्र को आधुनिक तकनीक, वित्तीय सहायता और नीतिगत सहयोग देकर और अधिक मजबूत बनाएगी, ताकि उत्तर प्रदेश को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर राज्य बनाया जा सके।
