उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र में भीषण अग्निकांड, फिताड़ी गांव में मची अफरा-तफरी
उत्तरकाशी : जनपद के मोरी विकासखंड अंतर्गत फिताड़ी गांव में सोमवार आधी रात एक भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। देर रात अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में छह आवासीय भवन, छह अन्न भंडार (भकार) सहित बड़ी मात्रा में दैनिक उपयोग का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोग अपने घरों से सामान निकालने तक का मौका नहीं पा सके। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।इस अग्निकांड में प्रभावित परिवारों का लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई परिवार बेघर हो गए हैं और उनके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राजस्व टीम द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है, वहीं स्थानीय प्रशासन ने पीड़ितों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि ग्रामीणों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।
