संगठन को मजबूत करने के लिए जल्द उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं अखिलेश यादव

खबर शेयर करें -

हरिद्वार : समाजवादी पार्टी उत्तराखंड की जटिल भौगोलिक परिस्थितियों और पहाड़ों के ऊबड़-खाबड़ राजनीतिक रास्तों के बावजूद प्रदेश में अपनी सियासी पकड़ मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे को और सशक्त करने के उद्देश्य से हरिद्वार के भूपतवाला निवासी महंत शुभम गिरी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति से महंत शुभम गिरी को उत्तराखंड का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी के निजी सचिव गंगाराम ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि यह निर्णय प्रदेश में संगठन को नई ऊर्जा देने और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है। महंत शुभम गिरी लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं और विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके अनुभव, जनसंपर्क और स्थानीय स्तर पर प्रभाव के चलते उत्तराखंड में सपा को नई दिशा मिलेगी। उनकी नियुक्ति से हरिद्वार समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, समाजवादी पार्टी उत्तराखंड की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप अपनी रणनीति तैयार कर रही है। “साइकिल को पहाड़ों के अनुरूप बनाने” की इस कवायद के तहत पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव स्वयं भी जल्द उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं। इस दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकें, कार्यकर्ताओं से संवाद और आगामी राजनीतिक रणनीति पर मंथन किए जाने की संभावना है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि महंत शुभम गिरी की नियुक्ति से समाजवादी पार्टी न केवल हरिद्वार बल्कि पूरे उत्तराखंड में अपने संगठन को धार देने का प्रयास कर रही है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि सपा की यह नई रणनीति प्रदेश की राजनीति में कितना असर डाल पाती है।

Ad