हरिद्वार के महंत शुभम गिरी बने समाजवादी पार्टी के उत्तराखंड कार्यकारी अध्यक्ष

खबर शेयर करें -

हरिद्वार : समाजवादी पार्टी उत्तराखंड की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में लगातार सक्रिय नजर आ रही है। पहाड़ के ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर भी अपनी ‘साइकिल’ चलाने के संकल्प के साथ सपा ने राज्य संगठन में एक अहम राजनीतिक फैसला लिया है। पार्टी नेतृत्व ने हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र से जुड़े महंत शुभम गिरी को उत्तराखंड में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति से महंत शुभम गिरी को पार्टी का उत्तराखंड कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति की औपचारिक पुष्टि पार्टी के निजी सचिव गंगाराम ने की। उन्होंने बताया कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।

महंत शुभम गिरी लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं और प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। सामाजिक और धार्मिक पृष्ठभूमि से आने वाले शुभम गिरी की पहचान एक ऐसे चेहरे के रूप में रही है, जो युवाओं और विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करने की क्षमता रखते हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके अनुभव और सक्रियता से उत्तराखंड में सपा को नई ऊर्जा मिलेगी।उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य में संगठन विस्तार को लेकर सपा पहले से ही रणनीतिक तौर पर काम कर रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पहाड़ की परिस्थितियों के अनुरूप सपा अपनी नीतियों और संगठनात्मक ढांचे को ढालने की तैयारी में है। इसी कड़ी में यह भी संकेत मिले हैं कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वयं जल्द ही उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और संगठन को मजबूती देने के लिए आगे की रणनीति तय करेंगे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि महंत शुभम गिरी की नियुक्ति से सपा उत्तराखंड में न केवल अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि स्थानीय मुद्दों को लेकर भी अधिक आक्रामक भूमिका में दिखाई दे सकती है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि सपा अपनी ‘साइकिल’ को पहाड़ों की राह पर कितनी मजबूती से आगे बढ़ा पाती है।

Ad