देहरादून के ASI ने नेशनल गेम्स में जीता गोल्ड
देहरादून : चण्डीगढ़ में आयोजित पंचम खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स 2026 में उत्तराखण्ड पुलिस के एक कर्मी ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। जनपद देहरादून में नियुक्त अपर उपनिरीक्षक (अ0उ0नि0) प्रेम प्रकाश पुरोहित ने 20 मार्च से 22 मार्च 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेते हुए 55 प्लस आयु वर्ग की 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रेम प्रकाश पुरोहित ने आगामी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है, जो उनके करियर के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।इस उपलब्धि के बाद 25 मार्च 2026 को पदक विजेता अ0उ0नि0 प्रेम प्रकाश पुरोहित ने पुलिस कार्यालय देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान एसएसपी ने उनके जोश, जज्बे और समर्पण की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर खुशी जताई।
एसएसपी देहरादून ने उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह और जुनून के साथ आगामी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर स्वर्णिम प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उनके उत्साहवर्धन हेतु 2500 रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। प्रेम प्रकाश पुरोहित की इस उपलब्धि से न केवल पुलिस विभाग बल्कि पूरे उत्तराखण्ड में गर्व का माहौल है।
