तपोवन के प्राचीन लक्ष्मण मंदिर में रामनवमी की धूम
ऋषिकेश : तपोवन स्थित उत्तराखंड के प्राचीन एवं प्रसिद्ध लक्ष्मण मंदिर में चैत्र शुक्ल रामनवमी पर्व इस वर्ष भी अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मंदिर परिसर में 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक भव्य धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है, जिसमें देश-विदेश से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।कार्यक्रमों की शुरुआत 19 मार्च को रामचरितमानस पाठ के साथ हुई। इसके बाद 25 मार्च को सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसे भागवताचार्य हिमांशु कंडवाल एवं उनकी मंडली द्वारा भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा और श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग के साथ पाठ में भाग लिया।
मंदिर के महंत जगदीश प्रपन्नाचार्य ने बताया कि प्राचीन और ऐतिहासिक महत्व के कारण श्री लक्ष्मण मंदिर देश-विदेश में प्रसिद्ध है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं और रामनवमी के अवसर पर विशेष आयोजनों का महत्व और भी बढ़ जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि 26 मार्च (गुरुवार) को सुबह 10 बजे से रामचरितमानस नवान्हा पारायण पाठ का समापन, हवन एवं भोग का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से लक्ष्मण जी महाराज की चरण पादुका की भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालु भाग लेंगे।
समारोह का समापन 27 मार्च को संत-महात्माओं के आशीर्वचन के साथ होगा। सुबह 11 बजे से संतों के प्रवचन होंगे, जबकि दोपहर 12 बजे से महाभोग भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजित सुंदरकांड पाठ के दौरान महंत जगदीश प्रपन्नाचार्य, महंत मनोज द्विवेदी, अशोक शर्मा, महंत गोपाल शर्मा, दिनेश शर्मा, विपिन शर्मा, मनीष शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिभाव का अद्भुत वातावरण बना हुआ है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्रीराम एवं लक्ष्मण जी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
