विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात

खबर शेयर करें -

देहरादून : उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूरी भूषण ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने गृह मंत्री को कोटद्वार क्षेत्र की विकासात्मक आवश्यकताओं से अवगत कराते हुए बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, लोक संस्कृति के संवर्धन तथा स्थानीय परंपराओं को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता से रखा।

बैठक के दौरान पर्यटन की संभावनाओं, रोजगार सृजन और स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उपायों पर भी चर्चा की गई। ऋतु खंडूरी भूषण ने कहा कि कोटद्वार क्षेत्र का संतुलित विकास तभी संभव है जब आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान को भी सुरक्षित रखा जाए।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोटद्वार के विकास और सांस्कृतिक संरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के सीमावर्ती और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास को लेकर गंभीर है और राज्य के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस भेंट को कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र को नई योजनाओं और परियोजनाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

Ad