रायवाला में विकास को लेकर विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का बड़ा ऐलान, वैदिक नगर की सड़कों के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत

खबर शेयर करें -

रायवाला: विधायक एवं उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने वैदिक नगर में आयोजित एक विशाल जनसभा में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे, जिससे सभा का माहौल उत्साहपूर्ण और जनसमर्थन से भरा नजर आया।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने वैदिक नगर क्षेत्र की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

सभा में उपस्थित जनसमूह ने डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल को आगामी चुनाव में पांचवीं बार विजयी बनाने का संकल्प दोहराया। प्रतीतनगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अग्रवाल हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहे हैं। उनके कार्यकाल में बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य किए गए हैं, जिनका लाभ आज आम जनता को मिल रहा है।

कार्यक्रम का आयोजन प्रतीतनगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान की अध्यक्षता में किया गया, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत ने किया। सभा में ओबीसी आयोग के सदस्य कमलेश कुमार, कमल कुमार, बलविंदर सिंह, सुरेंद्र मोघा, चित्रवीर छेत्री, रेखा भंडारी, सुनीता रावत, कौशल्या रावत, संध्या पुंडीर, बलबीर शाह सहित कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

सभा के समापन पर स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र के निरंतर विकास की अपेक्षा जताई।

Ad