खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : ऋषिकेश के शीशम झाड़ी स्थित श्री माँ कात्यायनी मंदिर, ज्ञान करतार आश्रम में आगामी 19 मार्च से चैत्र नवरात्र महोत्सव का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। इस पावन अवसर पर सुबह 10 बजे विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की जाएगी, जिसके साथ ही नौ दिवसीय नवरात्र उत्सव का आगाज होगा।महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। नवरात्र के नौ दिनों तक प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से रात 10:30 बजे तक विभिन्न कलाकारों द्वारा माँ भगवती के भजन-कीर्तन एवं गुणगान प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो सकेंगे।

हिंदू धर्म में चैत्र नवरात्र का विशेष महत्व माना जाता है। इस दौरान श्रद्धालु माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं और व्रत रखकर देवी की आराधना करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इन पावन दिनों में की गई पूजा, साधना और भक्ति से घर-परिवार में सुख-समृद्धि का वास होता है तथा जीवन की बाधाएं और कष्ट दूर होते हैं।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए मंदिर परिसर में ट्रस्ट सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मंदिर के व्यवस्थापक गुरविंदर सलूजा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक निर्णय लिए गए।बैठक में सुनील, नमिता सलूजा, परमेश्वर, गुलाब, नीरज सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मंदिर ट्रस्ट के व्यवस्थापक गुरविंदर सलूजा ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर माँ कात्यायनी का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।

Ad