मुख्यमंत्री धामी ने 307 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में कुल 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट तथा उद्यान विभाग के अंतर्गत 22 प्रयोगशाला सहायकों एवं मशरूम पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए गए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य, कृषि और उद्यानिकी क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं तथा लगभग 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण एवं संचालन तेजी से किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, वहीं हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि एवं उद्यानिकी को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नव नियुक्त युवा कृषि नवाचार और आधुनिक उद्यानिकी के क्षेत्र में प्रदेश को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सभी भर्ती प्रक्रियाएं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही हैं। राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उद्यान विभाग द्वारा अतिसघन सेब बागवानी, कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट मिशन, मधुमक्खी पालन नीति और जाइका परियोजना जैसी योजनाओं का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मशरूम उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं और यह किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नए चिकित्सकों और फार्मासिस्टों की नियुक्ति से राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दुर्गम क्षेत्रों तक भी पर्याप्त चिकित्सक उपलब्ध हों, ताकि लोगों को अपने नजदीकी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. एस.एन. पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad