मुख्यमंत्री धामी ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा की
हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेला की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में आयोजित होने वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन को लेकर सभी विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि हरिद्वार स्थित सभी पुलों का अनिवार्य रूप से तकनीकी ऑडिट कराया जाए, ताकि मेले के दौरान भारी भीड़ के दबाव में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। इसके साथ ही उन्होंने गंगा घाटों के सुंदरीकरण, पुनर्निर्माण और आवश्यक मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक स्नान व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और प्रशासनिक क्षमता का भी प्रतीक है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
मुख्यमंत्री ने सभी निर्माण और विकास कार्यों को आगामी अक्टूबर माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि समय रहते व्यवस्थाओं की टेस्टिंग और आवश्यक सुधार किए जा सकें। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को भी कहा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला में भाग लेने वाले अखाड़ों को समय पर भूमि आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वे अपनी तैयारियां सुचारू रूप से कर सकें। उन्होंने कहा कि संत समाज और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए, जिससे कुंभ मेला 2027 सुरक्षित, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक रूप से सफल आयोजन बन सके।
