अल्मोड़ा में सैर पर निकले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पर्यटकों से की आत्मीय मुलाकात
अल्मोड़ा : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अल्मोड़ा प्रवास के दौरान सैर-सपाटे के लिए नगर क्षेत्र में निकले। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अल्मोड़ा की खूबसूरत वादियों और शांत वातावरण का आनंद लिया। भ्रमण के समय उनकी सादगी और सहजता देखने को मिली, जब वे आम लोगों और देश-विदेश से आए पर्यटकों के बीच पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्थानों पर पर्यटकों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। उन्होंने पर्यटकों से अल्मोड़ा और उत्तराखंड में उनके अनुभवों के बारे में जाना तथा राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और पर्यटन सुविधाओं को लेकर सुझाव भी लिए। पर्यटकों ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद होने पर खुशी जताई और उत्तराखंड की स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यटन व्यवस्थाओं की सराहना की।
सैर के दौरान मुख्यमंत्री धामी स्थानीय लोगों से भी मिले और उनका हालचाल जाना। उन्होंने स्थानीय व्यवसायियों और दुकानदारों से बातचीत कर पर्यटन सीजन को लेकर उनकी स्थिति और अपेक्षाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने एक स्थानीय चाय की दुकान पर रुककर चाय का आनंद भी लिया। इस दौरान अनौपचारिक माहौल में हुई बातचीत ने लोगों को मुख्यमंत्री के और करीब ला दिया। मुख्यमंत्री की इस सहज पहल से पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और लोगों की आत्मीयता से है। राज्य सरकार का प्रयास है कि यहां आने वाला हर पर्यटक बेहतर अनुभव लेकर लौटे और उत्तराखंड को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान मिले।
