सीएम धामी ने भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण मिलने पर दी बधाई

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित डिफेंस कॉलोनी में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान “पद्म भूषण” के लिए चयनित किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह सम्मान भगत सिंह कोश्यारी के सार्वजनिक जीवन में किए गए दीर्घकालिक, समर्पित और राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण योगदान का उचित सम्मान है। उन्होंने कहा कि कोश्यारी ने उत्तराखंड आंदोलन के दौर से लेकर राज्य गठन के बाद विभिन्न संवैधानिक और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश और देश को सशक्त दिशा देने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि एक जननेता, संगठनकर्ता और प्रशासक के रूप में भगत सिंह कोश्यारी का जीवन सादगी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना का प्रतीक रहा है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि उत्तराखंड के विकास, जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पद्म भूषण से सम्मानित होना न केवल उत्तराखंड के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान नई पीढ़ी को भी सार्वजनिक जीवन में समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश के समग्र विकास, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से भगत सिंह कोश्यारी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन आगे भी प्रदेश और देश के लिए प्रेरणादायी बना रहेगा।

Ad