प्रतापगढ़ से अयोध्या-चित्रकूट के लिए सीधी बस सेवा जल्द
उत्तर प्रदेश/ प्रतापगढ़ : जिले के यात्रियों, विशेषकर धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जल्द ही एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। प्रतापगढ़ डिपो से अयोध्या और चित्रकूट के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (ARM) ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इस रूट पर बस संचालन की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए हैं। योजना के तहत बसों का समय, स्टॉपेज, किराया और यात्रियों की संभावित संख्या का आंकलन किया जा रहा है, ताकि सेवा को सुचारू और लाभकारी बनाया जा सके।
अयोध्या में भगवान श्रीराम जन्मभूमि और चित्रकूट में रामायण काल से जुड़े धार्मिक स्थलों के कारण इन दोनों स्थानों पर वर्षभर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या पहुंचती है। अभी तक प्रतापगढ़ से इन स्थलों के लिए यात्रियों को सीधे बस सुविधा नहीं मिलती थी, जिससे उन्हें बीच में बस बदलनी पड़ती थी और समय के साथ अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता था।
नई सीधी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों का सफर न केवल आसान होगा, बल्कि समय की भी बचत होगी। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाला कदम बताया है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रूपरेखा तैयार होने के बाद जल्द ही बस सेवा शुरू करने की तिथि की घोषणा की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि यह सेवा शुरू होते ही यात्रियों की अच्छी संख्या मिलेगी और यह रूट रोडवेज के लिए भी लाभकारी साबित होगा।
