डीएम का मुनस्यारी दौरा, नंदा देवी मंदिर में किए दर्शन

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़ : जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने देर सायं मुनस्यारी स्थित प्रसिद्ध नंदा देवी मंदिर में दर्शन कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि और क्षेत्र के समग्र विकास की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुनस्यारी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, वार्ड व्यवस्था, साफ-सफाई, बेड, उपकरणों और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और वार्ड, शौचालय सहित सभी स्थानों को स्वच्छ रखा जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान बेडशीटों की स्थिति पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और सभी बेडशीट तत्काल बदलने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में अतिरिक्त बेडशीट और अन्य आवश्यक सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान “खुशियों की सवारी” वाहन के बंद होने पर भी जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाहन को शीघ्र मरम्मत कराकर दोबारा संचालित किया जाए, ताकि मरीजों विशेषकर गर्भवती महिलाओं को समय पर परिवहन सुविधा मिल सके।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने अस्पताल में पर्याप्त संख्या में नए कंबल और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम के अनुरूप मरीजों को साफ बिस्तर, कंबल और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है।

जिलाधिकारी भटगाई ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए और नियमित मॉनिटरिंग के जरिए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Ad