जे.के. लखेड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट में जीत से शुरुआत

खबर शेयर करें -

नैनीताल : नैनीताल में आयोजित जे.के. लखेड़ा मेमोरियल ऑफिशियल क्रिकेट टूर्नामेंट में डिस्ट्रिक्ट बार की टीम ने पीडब्ल्यूडी नैनीताल को 24 रनों से हराकर अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। मुकाबला रोमांचक रहा, जिसमें बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया।

टॉस जीतकर डिस्ट्रिक्ट बार की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 15 ओवरों में टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 149 रन बनाए। टीम की ओर से प्रदीप मणि त्रिपाठी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में नाबाद 58 रन की पारी खेली, जिसमें कई आकर्षक शॉट शामिल रहे। वहीं पंकज सिंह बोरा गंगा ने भी 29 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

अन्य बल्लेबाजों में शादाब ने 3 रन, इमरान ने 9 रन, विनीत ने नाबाद 18 रन और अजय ने नाबाद 2 रन का योगदान दिया। डिस्ट्रिक्ट बार की टीम ने निर्धारित ओवरों में 149 रन बनाकर पीडब्ल्यूडी के सामने 150 रनों का लक्ष्य रखा।लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीडब्ल्यूडी नैनीताल की टीम दबाव में नजर आई और पूरी टीम 125 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से यशवंत ने सर्वाधिक नाबाद 38 रन बनाए, जबकि राकेश ने 23 रन का योगदान दिया, लेकिन यह टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रहा।

डिस्ट्रिक्ट बार की ओर से प्रदीप मणि त्रिपाठी, पंकज सिंह बोरा गंगा, अशोक मौलेखी और दीपक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और टीम की जीत सुनिश्चित की।

मैच के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में गोपाल सिंह रावत एवं भुवन आर्या मौजूद रहे। वहीं जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट और सचिव संजय सुयाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस जीत के साथ डिस्ट्रिक्ट बार की टीम ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की है। टीम का अगला मुकाबला मंगलवार को जल संस्थान के साथ खेला जाएगा, जिस पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

Ad