ऋषिकेश में कांग्रेस बैठक, सूरत सिंह कोहली को बड़ी जिम्मेदारी
ऋषिकेश : ऋषिकेश के रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में महानगर अध्यक्ष एडवोकेट राकेश सिंह के संचालन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष (एससी प्रकोष्ठ) मदन लाल ने अधिवक्ता एवं स्वतंत्र पत्रकार सूरत सिंह कोहली को महानगर अध्यक्ष (एससी प्रकोष्ठ) की जिम्मेदारी सौंपने की घोषणा की।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियों के साथ सूरत सिंह कोहली का स्वागत किया और उन्हें माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं। उपस्थित नेताओं ने कहा कि कोहली एक शिक्षित, समझदार और सक्रिय व्यक्तित्व के धनी हैं तथा उनसे संगठन को मजबूत करने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और पीसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला ने भी कोहली को माला पहनाकर बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि कोहली अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे।
बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। महिला आरक्षण के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा किया गया संबोधन राष्ट्र के नाम संदेश नहीं, बल्कि सरकारी खर्च पर दिया गया एक चुनावी भाषण था। उन्होंने इसे विशेषाधिकार का दुरुपयोग बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार की मंशा महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने की नहीं, बल्कि आगामी चुनावों के लिए राजनीतिक जमीन तैयार करने की है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं के आरक्षण से संबंधित विधेयक पहले ही 20 सितंबर 2023 को पारित हो चुका है और वर्तमान में जो प्रस्तुत किया जा रहा है, वह न तो संशोधन विधेयक है और न ही इसकी आवश्यकता है। उन्होंने सरकार पर भ्रामक जानकारी देने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मदन मोहन शर्मा, बैसाख सिंह पयाल, चंदन पंवार, ललित मोहन मिश्रा, धर्मपाल, पार्षद भगवान सिंह पंवार, सरोजिनी थपलियाल, राजेंद्र कोठारी, अशोक शर्मा, संजय भारद्वाज, राजेश शाह, भूपेंद्र राणा, जगजीत सिंह, मुकेश जाटव, जतिन जाटव, हिमांशु जाटव, हिमांशु कश्यप, मानव रावत, गंभीर सिंह, उम्मेद सिंह, रणजीत सिंह, अनिल सिंह, आदित्य झा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
