दूरदर्शन की मशहूर न्यूज रीडर सरला माहेश्वरी का निधन

खबर शेयर करें -

नई दिल्ली: दूरदर्शन समाचार की पहचान बन चुकीं जानी-मानी न्यूज रीडर सरला माहेश्वरी का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से मीडिया जगत और दूरदर्शन के दर्शकों में शोक की लहर दौड़ गई है। सरला माहेश्वरी उन चुनिंदा एंकरों में शामिल थीं, जिन्होंने भारतीय टीवी पत्रकारिता के स्वर्णिम दौर को अपनी आवाज़ और व्यक्तित्व से परिभाषित किया।

दूरदर्शन के उस दौर में, जब चैनलों की भीड़ नहीं थी और समाचार देखने का एक तय समय होता था, सरला माहेश्वरी घर-घर में पहचाना जाने वाला चेहरा थीं। उनकी गंभीर, संतुलित और प्रभावशाली आवाज़ दर्शकों के मन में भरोसा जगाती थी। खबर पढ़ने का उनका सधा हुआ अंदाज़, स्पष्ट उच्चारण और शालीन प्रस्तुति उन्हें अलग पहचान देता था।

माना जा रहा है कि उनका जाना भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता के एक “गोल्डन एरा” का अंत है वह दौर जब एंकर ही समाचार की विश्वसनीयता का प्रतीक हुआ करते थे। उस समय लोग सिर्फ खबरों के लिए नहीं, बल्कि उन्हें पढ़ने वाले विश्वसनीय चेहरों के लिए भी दूरदर्शन से जुड़े रहते थे।ऑल इंडिया महिला कांग्रेस ने भी ट्वीट कर सरला माहेश्वरी को श्रद्धांजलि दी। अपने संदेश में लिखा गया, सरला की विश्वसनीयता और शालीनता आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा रहेगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।

परिवार की ओर से जारी एक पोस्ट के अनुसार, सरला माहेश्वरी का अंतिम संस्कार 12 फरवरी को शाम 4 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया जाएगा। उनके परिजन, मित्र और मीडिया जगत से जुड़े लोग अंतिम विदाई देने के लिए उपस्थित रहेंगे। सरला माहेश्वरी ने उस समय समाचार वाचन को एक संस्कारी, गरिमामय और सम्मानित पहचान दी, जब पत्रकारिता में संयम और संतुलन को सर्वोच्च माना जाता था। उनकी आवाज़ में जो शांति और भरोसा था, वह दर्शकों को अपनी ओर खींच लेता था।

आज भले ही मीडिया का स्वरूप बदल चुका हो, लेकिन सरला माहेश्वरी जैसी एंकरों की छवि भारतीय टेलीविजन इतिहास में हमेशा अमिट रहेगी। उनकी स्मृति और योगदान को आने वाली पीढ़ियां लंबे समय तक याद रखेंगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

Ad