गढ़ महिला उत्थान समिति ने कराया महिलाओं को मां कुंजापुरी के दर्शन

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: गढ़ महिला उत्थान समिति द्वारा खैरी कलां से सिद्धपीठ मां कुंजापुरी माता के दर्शन हेतु महिलाओं के लिए एक विशेष धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ कांग्रेस नेता एवं यात्रा संयोजक जयेंद्र रमोला द्वारा ध्वज दिखाकर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मां भगवती के जयकारों के साथ यात्रा की शुरुआत की।

इस दौरान वातावरण भक्तिमय हो गया और महिलाओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मां कुंजापुरी के दर्शन के लिए प्रस्थान किया। यात्रा में शामिल महिलाओं ने कहा कि इस प्रकार की धार्मिक यात्राएं न केवल आस्था को मजबूत करती हैं, बल्कि समाज में आपसी एकता और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देती हैं।समिति की उपाध्यक्ष व ग्राम प्रधान संगीता राणा ने कहा कि गढ़ महिला उत्थान समिति लगातार महिलाओं को एकजुट करने का कार्य कर रही है। समिति समय-समय पर महिलाओं को देवी-देवताओं के पवित्र धामों के दर्शन कराने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की यात्राओं से महिलाओं में आस्था, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। आगे भी समिति इसी तरह महिलाओं को धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य करती रहेगी।

कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने कहा कि गढ़ महिला उत्थान समिति द्वारा निरंतर ऐसे पुण्य और सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं को मां भगवती के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें धार्मिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह एक अच्छा प्रयास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समिति आगे भी इसी प्रकार के पुण्य कार्य करती रहेगी और समाज में सकारात्मक संदेश देती रहेगी।

समिति की सचिव कृष्णा जयेंद्र रमोला ने कहा कि गढ़ महिला उत्थान समिति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को एक मंच पर लाकर संस्कृति और आस्था के साथ-साथ स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करना है। उन्होंने कहा कि समिति महिलाओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने, सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने और समाज में उनकी भूमिका को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।इस अवसर पर समिति की उपाध्यक्ष व ग्राम प्रधान संगीता राणा, खैरी कलां ग्राम प्रधान शबनम, सदस्य उमा ओबेरॉय, ईशा चौहान, पंचायत सदस्य शोभा पंवार, देव सिंह राणा, आनंद रावत, किशोर रांगढ़, विजयपाल पंवार, पूर्व उपप्रधान राजेंद्र बिट्टू राणा, पूर्व उपप्रधान रोहित नेगी, निर्मल रागड़, सुभाष नेगी, आज़ाद राणा, जितेंद्र रागड़, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।

Ad