डीएम नितिका खण्डेलवाल ने किया राजकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र छाम का निरीक्षण

खबर शेयर करें -

टिहरी गढ़वाल : जनपद के थौलधार क्षेत्र के भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने राजकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र छाम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रक्षेत्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डीके शर्मा ने जिलाधिकारी को प्रक्षेत्र में चल रही विभिन्न व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रक्षेत्र में ब्रीडर पक्षियों के रख-रखाव, अंडा उत्पादन, फीड प्रबंधन, हैचरी संचालन तथा चूजा उत्पादन की प्रक्रिया नियमित रूप से संचालित की जा रही है।

जिलाधिकारी ने भ्रमण के दौरान ब्रीडर पक्षियों के रख-रखाव, अंडा उत्पादन, फीड प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था और हैचरी से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने प्रक्षेत्र में चूजा उत्पादन की प्रक्रिया तथा जनपद में पात्र लाभार्थियों को कम दामों पर चूजों के वितरण की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि विगत दो माह के दौरान बड़ी संख्या में पात्र लाभार्थियों को रियायती दरों पर चूजे उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में कुक्कुट पालन को बढ़ावा मिल रहा है।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रक्षेत्र की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए साफ-सफाई, जैव-सुरक्षा (बायो-सिक्योरिटी) तथा पक्षियों के बेहतर प्रबंधन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुक्कुट पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए प्रक्षेत्र की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जाए तथा लाभार्थियों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जाएं। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह भंडारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जोत सिंह बिष्ट, मुलायम सिंह रावत, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवरारी, खंड विकास अधिकारी स्नेह नेगी, जिला पंचायत सदस्य सुनील जुयाल, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.के. तोमर, डॉ. साक्षी बिजल्वाण, डॉ. संगीता, ज्येष्ठ प्रसार अधिकारी पंकज बडोनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे

Ad