धामी सरकार ने विकास कार्यों के लिए 171 करोड़ रुपये किए मंजूर
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण, विद्युत परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण, सिटी सेंटर चंपावत के निर्माण, अतिथि गृहों के पुनर्निर्माण तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कुल 171 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत जनपद बागेश्वर के विधानसभा क्षेत्र बागेश्वर के विकासखण्ड बागेश्वर में सातरतवे से सिगी नरगोल होते हुए गिरेछीना मिलान मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 3.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। वहीं जनपद चमोली के विधानसभा क्षेत्र केदारनाथ में कालीमठ-कोटमा-जाल-चौमासी मोटर मार्ग के सुधारीकरण हेतु 3.75 करोड़ रुपये तथा जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र लैंसडौन के विकासखण्ड रिखणीखाल के अंतर्गत कोटडीसैंण के समीप ग्राम पैयागढ़ी रजबौ मल्ला दियोड मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 4.27 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी क्रम में जनपद चंपावत के विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट में किमतोली से रौशाल मोटर मार्ग पर हॉटमिक्स कार्य के लिए 12.15 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। साथ ही रोडवेज स्टेशन चंपावत में आधुनिक सुसज्जित स्टोरी पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्पलेक्स (सिटी सेंटर चंपावत) के निर्माण के लिए 62.33 करोड़ रुपये की धनराशि को भी मंजूरी दी गई है।मुख्यमंत्री ने लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में अनुदान संख्या 21 के अंतर्गत 50.25 करोड़ रुपये स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया है।
इसके अतिरिक्त राज्य संपत्ति विभाग के नियंत्रणाधीन उत्तराखण्ड सदन, नई दिल्ली के द्वितीय तल पर स्थित 12 कक्षों के रेनोवेशन (सिविल एवं विद्युत कार्य) के लिए 1.60 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।देहरादून शहर में बढ़ती यातायात एवं ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए भी मुख्यमंत्री ने 6 विभिन्न कार्यों हेतु 33.45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकतंत्र सेनानी सम्मान पेंशन के अंतर्गत सुमन जैन पत्नी स्व. महावीर प्रसाद, निवासी मॉडल कॉलोनी रुद्रपुर (जिला ऊधम सिंह नगर) को 27 जून 2025 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि अनुमन्य किए जाने का अनुमोदन भी प्रदान किया है।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कई मोटर मार्गों का नाम शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर रखने को भी मंजूरी दी है। इसके तहत जनपद अल्मोड़ा के द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में कुनीगाड़-हिरुली बाजार से रामपुर-चौखुटिया गोटर मार्ग (4 किमी) का नाम शहीद सूबेदार भवानी दत्त जोशी (सेना मेडल) मोटर मार्ग रखा जाएगा।
वहीं जनपद चमोली के थराली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ल्वाणी सुया मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. खीम सिंह के नाम पर, बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के गोपेश्वर मंडल से ग्राम ग्वाड़ तक मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. मेहरबान सिंह रावत के नाम पर तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के नैनीसैंण-कालूसैंण-आमसौंड (सेरागाड़) मोटर मार्ग का नाम उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी स्व. तुलाराम थपलियाल के नाम पर रखने का अनुमोदन दिया गया है।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने 23 और 24 मार्च 2026 को देहरादून में प्रस्तावित ‘5वें डिजिटल एम्पावरमेंट मीट एवं अवार्ड्स उत्तराखण्ड चैप्टर’ के आयोजन को भी मंजूरी दी है। इस कार्यक्रम का विषय “उत्तराखण्ड डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू एआई विकसित भारत 2047 की ओर” रखा गया है, जिसका आयोजन एडवोकेटिंग प्रोग्रेसिव एक्शन फॉर चेंज डिजिटल इनोवेशन न्यूज नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, नोएडा द्वारा किया जाएगा।
