टिहरी एक्रो फेस्टिवल का भव्य समापन, सीएम धामी ने विजेताओं को किया सम्मानित

खबर शेयर करें -

नई टिहरी : पर्यटन विकास परिषद की पहल पर कोटी कॉलोनी में आयोजित चार दिवसीय टिहरी एक्रो फेस्टिवल और एसआईसी (SIV) पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित कर खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील और आसपास का क्षेत्र साहसिक पर्यटन (एडवेंचर टूरिज्म) की अपार संभावनाओं से भरा हुआ है और राज्य सरकार इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल प्रदेश की पहचान बढ़ती है, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी मिलते हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टिहरी विधानसभा क्षेत्र में एडीबी (एशियन डेवलपमेंट बैंक) सहायता प्राप्त परियोजनाओं सहित कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें सड़क, पेयजल, पर्यटन अवसंरचना और शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

चार दिनों तक चले इस एक्रो फेस्टिवल में देश-विदेश से आए पैराग्लाइडिंग पायलटों ने हवा में रोमांचक करतब दिखाए। मौसम की चुनौतियों के बावजूद प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों व पर्यटकों ने इसका आनंद लिया। झील के ऊपर रंग-बिरंगे पैराग्लाइडर और आसमान में हैरतअंगेज स्टंट कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे।

कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक किशोर उपाध्याय, विधायक शक्ति लाल शाह, पर्यटन सचिव धीराज गैबरियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को टिहरी में साहसिक पर्यटन के नए युग की शुरुआत बताया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को एडवेंचर स्पोर्ट्स की वैश्विक राजधानी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। टिहरी झील क्षेत्र में वाटर स्पोर्ट्स, पैराग्लाइडिंग, ट्रैकिंग और अन्य गतिविधियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे आने वाले समय में यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण बनेगा।

समापन समारोह में विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और पुरस्कार राशि प्रदान की गई। आयोजन के सफल संचालन के लिए पर्यटन विभाग, स्थानीय प्रशासन और विभिन्न सहयोगी संस्थाओं की सराहना की गई।

Ad