चारधाम यात्रा 2026 का भव्य शुभारंभ, गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुले
उत्तरकाशी : अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसी के साथ चारधाम यात्रा 2026 का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। धार्मिक परंपराओं के अनुसार दोनों धामों में प्रधानमंत्री के नाम से पहली पूजा संपन्न की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में आयोजित कपाटोद्घाटन समारोह में भाग लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से प्रथम पूजा का संकल्प लिया और चारधाम यात्रा के सफल संचालन के साथ देश-प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने मां गंगा के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर देव डोली से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
परंपरा के अनुसार मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम पहुंची। विशेष पूजा-अभिषेक के बाद दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही “जय मां गंगे” के जयकारों से पूरा धाम गूंज उठा और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अक्षय तृतीया के इस शुभ अवसर पर चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के चारधाम देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं और हर श्रद्धालु इन दिव्य धामों के दर्शन की कामना करता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाएं, आवास, पेयजल और यातायात प्रबंधन को मजबूत किया गया है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का प्रयास है कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाला हर श्रद्धालु न केवल दिव्य धामों का आशीर्वाद प्राप्त करे, बल्कि उसे एक सुरक्षित, सुखद और अविस्मरणीय यात्रा अनुभव भी मिले। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से “ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा” के संकल्प में सहयोग करने की अपील करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, दायित्वधारी प्रताप पंवार, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्रा, मुख्यमंत्री के गढ़वाल कोऑर्डिनेटर किशोर भट्ट, मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल और सचिव सुरेश सेमवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
